बद्दी के वार्ड नंबर तीन सराज-माजरा के लोगों ने वार्ड में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों ने बताया कि यह केंद्र मात्र कागजों में चल रहा है। यहां पर कभी भी खाना नहीं बनता है। लोगों के घरों में कच्चा राशन ही पहुंचाया जाता है। शेष राशन कहां जाता है इसका भी कोई पता नहीं। रमेश कुमार ने बताया कि उसके परिवार के तीन बच्चों ने नाम तो आंगनबाड़ी के रजिस्ट्रर में दर्ज हैं लेकिन उनके बच्चों को आज तक राशन नहीं मिला। संजू ने भी बताया कि उनके तीन बच्चे हैं लेकिन उनके बच्चों को भी कभी राशन नहीं मिला। यह मामला प्रदेश के नंबर वन अखबार ‘अमर उजाला’ के आपकी आवाज कार्यक्रम में उठा।
बुजुर्ग दयाल सिंह ने बताया कि केंद्र में कभी भी भोजन नहीं पकता। पहले लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता को मौके पर बुलाया। तहसीलदार केशव राम, नप अध्यक्ष चौधरी मदन लाल के सामने जब वह संतोष जनक उत्तर नहीं दे पाई तो केंद्र पर जाकर निरीक्षण किया गया। मौके पर यह केंद्र न होकर एक दुकान लग रही थी। खाना बनाने के बर्तन कई दिनों से बंद पड़े थे। सोमवार को केंद्र में कोई भी बच्चा नहीं आया था। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का कहना था कि उनसे जबरन लोग राशन ले जाते हैं। तीन-तीन माह का राशन एक साथ ले जाते हैं और अगर नहीं देते हैं तो झगड़ा करते हैं।
नप अध्यक्ष चौधरी मदन लाल ने कार्यकर्ता से कहा कि वह हर रोज अपना राशन पकाकर बच्चों को खिलाए। अगर कोई बच्चा नहीं आता है तो वह घर पर किसी का राशन न भेजें। उन्होंने मौके पर ही पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया।
यह कमेटी इस मामले की छानबीन करेगी। केंद्र की सुपरवाइजर ने इस केंद्र का निरीक्षण करने की बात कही है। इस मौके पर वार्ड नरेंद्र दीपा, जेई शरीफ मोहम्मद, एसडीओ आईपीएच मनीष कुमार और जेई मुकेश कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
मुख्य मांगें
1- बद्दी के एसबीआई और पीएनबी बैंक के सामने से अवैध पार्किंग को हटाएं। इससे यहां जाम लग रहा है।
2- विनसम कंपनी की राखी (धूल) लोगों के घरों में घुस रही है। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
3- वार्ड नंबर तीन में पानी की किल्लत। विभाग ने पाइप तो डाल दिए हैं लेकिन इन्हें चालू नहीं किया।
4 वार्ड के युवा वर्ग ने जिम खोलने की मांग की। कहा कि युवा जिम में व्यस्त रहेंगे तो नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहेंगे।
5- वार्ड नंबर तीन में शिव मंदिर के साथ खाली पड़ी जमीन पर पार्क बनाने की मांग रखी।
6- शिव मंदिर के साथ इंडोर स्टेडियम बनाने की मांग भी लोगों ने इस दौरान उठाई।
7- वार्ड नंबर तीन में कुछ और सफाई कर्मचारी तैनात करने की मांग की।
8- वार्ड में लग रहे बिजली कट से लोग परेशान हैं। लिहाजा इस समस्या का हल करें।
क्या कहते हैं लोग
1- ऊषा देवी ने बताया कि छत का पानी गली में खड़ा होने से उन्हें दिक्कत हो रही है। पैदल चलने वाले लोगों पर कीचड़ उछलकर गिरता है। साथ ही उनके मकान को भी खतरा बना हुआ है।
2- रामलोक ने बताया कि आईपीएच विभाग ने ढाई साल पहले पाइप लाइन तो बिछा दी है लेकिन अभी तक पानी नहीं आया है। इससे पेयजल किल्लत बनी हुई है।
3- शकुंतला देवी ने विधवा पेंशन बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इतने कम पैसों से घर का गुजारा नहीं चलता है।
4- रमेश कुमार कुंडलस ने वार्ड में पार्क बनाने की मांग रखी ताकि शाम के समय लोग टहल सके। वार्ड में 30 बीघा जमीन खाली पड़ी है।
5- राजेंद्र ने कहा कि बैंक के सामने लोग अपने वाहन खड़ा कर देते हैं जिससे गांव वालों को आने जाने में दिक्कत हो रही है।
6- संजू ने वार्ड में सफाई कर्मी बढ़ाने की मांग की, जिससे सफाई व्यवस्था और बढ़िया हो सके
7-संजीव कुमार ने कहा कि स्ट्रीट लाइट लगाने और गली की रिपेयर की मांग की। कहा कि गलियां उखड़ी होने से रात को दिक्कत होती है।
8 अजमेर सिंह ने विनसम कंपनी से आने वाले राखी (धूल) से लोग परेशान है। उन्होंने इसे बंद कराने की मांग की है।
अधिकारियों ने मौके
पर निपटाई समस्याएं
नप अध्यक्ष चौधरी मदन लाल ने सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पार्क, स्टेडियम, पार्किंग और जिम बनाने का आश्वासन दिया। तहसीलदार केशव राम ने कहा कि जो लोग भूमिहीन हैं वे कमेटी के माध्यम से उन्हें प्रस्ताव भेजें। इस पर वह उपायुक्त को प्रस्ताव भेजकर उचित कार्रवाई करेंगे। आईपीएच के सहायक अभियंता मनीष कुमार ने एक सप्ताह के भीतर लाईन चालू करने का आश्वासन दिया। विद्युत बोर्ड के अधिकारी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे थे।