सोलन में 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंचे प्याज के दाम
पिछले सप्ताह 30 से 40 रुपये प्रति किलो मिल रहा था प्याज
सब्जी मंडी में बाहरी राज्यों से कम आ रही प्याज की सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश में प्याज के दाम आसमान छूने लगे हैं। एक सप्ताह में ही प्याज के दामों बढ़ोतरी शुरू हो गई है। अब बाजार में दाम 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। प्याज के दाम बढ़ने के साथ ही लोगों ने इसकी खरीद भी कम कर दी है। वहीं हाल ही में लोगों को टमाटर के दामों में गिरावट से राहत मिली थी लेकिन अब प्याज और टमाटर के दाम बढ़ना शुरू हो गए हैं, जिसमें टमाटर भी बाजार 40 रुपये किलो तक बिक रहा है।
होटलों में भी सलाद की प्लेट से प्याज गायब होना शुरू हो गया है। प्याज की जगह ग्राहकों को मूली का सलाद परोसा जा रहा है। प्याज पिछले हफ्ते जहां 30 से 40 रुपये किलो बिक रहा था वहीं शनिवार को 60 रुपये प्रतिकिलो बिका। अचानक दाम बढ़ने से लोग परेशान हैं। मंडी में प्याज की सप्लाई भी काफी घट गई है। इन दिनों शादी का सीजन होने के कारण प्याज की मांग अधिक है। इस कारण इसके दामों में अचानक उछाल आ गया है।
सब्जी विक्रेता तिलक राज साहनी ने बताया कि पहले जो उपभोक्ता तीन से चार किलो प्याज खरीदते थे वह आधा पौने किलो में ही गुजारा कर रहे हैं। प्याज मार्केट में ही बहुत कम आ रहा है। आने वाले दिनों में प्याज में और तेजी आ सकती है।