आठ साल पहले भी इसी जगह पर हुई थी युवक की मौत
आदित्य चड्ढा
बरोटीवाला(सोलन)। सोशल मीडिया पर नवांनगर का बाथिंग प्वाइंट वायरल होने के बाद पंजाब के मोहाली निवासी सौरभ व प्रिंस यहां आने के आकर्षित हुए थे। सौरभ अपने भाई को बताकर यहां अपने दोस्त के साथ आया था, लेकिन उसे क्या पता था कि वह कभी वापस नहीं लौटेगा। मृतक के साथ आए प्रिंस के अनुसार वह नहाने के बाद पत्थर पर बैठकर धूप सेंक रहे थे कि अचानक सौरभ का पांव फिसल गया। पत्थर के साथ करीब 20 फीट गहरा कुंड था। जहां पर भंवर बन रहा था। भंवर के चलते वह ऊपर आने की बजाय और नीचे चला गया। सौरभ के डूबने के बाद प्रिंस घबरा गया और बाइक लेकर वह वापस मोहाली पहुंचा और उसके सौरभ के बड़े भाई सोनू की सारी सूचना दी। सूचना मिलते मृतक का परिवार मौके पर पहुंच गया था। पुलिस व होमगार्ड के जवानों ने रात को 12:00 बजे कर सर्च अभियान चलाया लेकिन कोई पता नहीं चल पाया।बुधवार सुबह करीब 20 घंटे के बाद शव को बाहर निकाला गया। नवांनगर के लोगों ने बताया कि यहां पर गर्मियां होते ही मैदानी क्षेत्र के काफी संख्या में लोग आते हैं। यहां पर सुरक्षा का कोई प्रबंध न होने से युवा यहां पर नहाते है। 2018 में भी यहां पर एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई थी, लेकिन उसके बाद भी यहां पर बाहरी राज्यों से लोग आने बंद नहीं हुए है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार ऐसे युवकों को रोकने का प्रयास करते हैं, लेकिन नशे की हालत में वे झगड़े और मारपीट पर उतर आते हैं। इस संबंध में पुलिस थाना बरोटीवाला और एसपी कार्यालय में कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सीसीटीवी कैमरे व पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए और करीब सात वर्ष पहले वर्धमान क्षेत्र में स्थापित की गई पुलिस चौकी को शीघ्र चालू किया जाए। इसके अलावा, ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य में देरी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नालागढ़ में कार्यालय होने के बावजूद एनडीआरएफ टीम को मौके पर पहुंचने में करीब 12 घंटे का समय लगा। पूरी रात ग्रामीण, परिजन और पुलिसकर्मी अंधेरे में बिना पर्याप्त रोशनी के सर्च अभियान में जुटे रहे।