सोलन। प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप कम होने के बाद परिवहन निगम ने बाहरी राज्यों के लिए बसें भेजना शुरू कर दिया है। पहले दिन बाहरी राज्यों की और बसों को कोविड एसओपी के तहत 50 फीसदी क्षमता के साथ चलाया गया।
परिवहन निगम ने 45 दिनों बाद बाहरी राज्यों में चलाई बसों से लोगों को राहत मिली है। बसों के चलने से अब फिर बस स्टैंड पर सवारियों की भीड़ देखने को मिली है। हिमाचल की सड़कों पंजाब और हरियाणा की बसें फिर दिखाई देना शुरू हो गई है। लोकल रूटों पर भी सुचारु रूप से बसों को चलाया जा रहा है। लोगों की मांग पर भी बसें रूटों पर भेजा जा रहा है। वीरवार से बाहरी राज्यों को चली बसों को वापसी में अच्छी सवारियां मिली हैं। शुक्रवार को सोलन डिपो 12 और परवाणू डिपो आठ बाहरी रूटों पर बसें चलाएगा। पेश है लाइव रिपोर्ट :
स्थान- सोलन बस स्टैंड, समय 11:14 बजे सुबह। लोग चंडीगढ़ और अन्य जगहों की ओर जाने के लिए काउंटर पर पूछताछ के लिए पहुंच रहे हैं। सोलन से चंडीगढ़ जाने वाली बसों के टाइम टेबल का पता लगा रहे हैं। इस दौरान सवारियां नए बस अड्डे पर पहुंचती हैं। वहीं शिमला से चंडीगढ़ जाने वाली बस भी बस स्टैंड पर आती है।
बस में फेस शील्ड पहने परिचालक चंडीगढ़ की सवारियों को आवाज लगाता है और । वहीं सीटों पर बैठने से उन्हें पहले जागरूक करता है। बस में कुछ सवारियां पहले भी मौजूद हैं। 11:30 बजे बस स्टैंड पर लोकल बसें खड़ी हैं। सवारियां परिचालक से पूछकर बसों में बैठ रही हैं।
समय 12:10 बजे पर सोलन से चंडीगढ़ को जाने वाली दूसरी बस न्यू बस स्टैंड में प्रवेश करती है। काउंटर पर लगने का थोड़ा समय होने के चलते बस चालक बस को काउंटर के सामने खड़ी करता है। इतने में काउंटर पर लगी बस चलने के लिए तैयार है। इसी दौरान चंडीगढ़ से शिमला की ओर जाने वाली पंजाब रोडवेज की बस सामने से गुजरती है।