सोलन। नौणी विवि के मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष ने जिले के लिए अगले पांच दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही किसानों के लिए मौसम आधारित कृषि परामर्श भी जारी किए गए हैं। उनके अनुसार 4 अगस्त तक जिले के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। भारी बारिश से खेतों में जलभराव, मृदा कटाव और फसलों के गिरने का खतरा बढ़ सकता है। फफूंदजनित रोगों के प्रकोप की संभावना भी है। किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। खरपतवार हटाकर वायु संचार बेहतर बनाएं। रोगग्रस्त पौधों को खेत से निकालकर नष्ट करें।
सेब की फसल में स्कैब और अल्टरनेरिया पत्ती धब्बा रोग की निगरानी करें। अधिक आर्द्रता में छिड़काव से बचें और शीघ्र पकने वाली किस्मों की तुड़ाई बारिश के दौरान या बाद स्थगित रखें। खीरा, टमाटर, शिमला मिर्च और अरबी जैसी फसलों के लिए उचित जल निकासी नालियां बनाए रखें। टमाटर के परिपक्व फलों की तुड़ाई करें और निचली पत्तियां हटाकर मृदा जनित रोगों का जोखिम कम करें।
मौसम और मृदा की वर्तमान परिस्थितियां पौधरोपण के लिए अनुकूल हैं। प्राकृतिक खेती करने वाले किसान साफ मौसम में अग्निअस्त्र, ब्रह्मास्त्र, नीमास्त्र, दशापर्णी अर्क और जीवामृत का छिड़काव करके कीटों को नियंत्रित कर सकते हैं। साथ ही पशुपालकों को मानसून के दौरान खुरपका-मुंहपका और ब्लैक क्वार्टर जैसी बीमारियों के लिए पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की सलाह दी गई है।