19 जून तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से कर सकेंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। डिग्री कॉलेज अर्की में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिले की प्रक्रिया पहली जून से शुरू होने जा रही है। इस बार महाविद्यालय में दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत इस सत्र से बीए, बीएससी, बीकॉम और बीसीए प्रथम वर्ष में सेमेस्टर सिस्टम लागू किया जा रहा है।
महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता शर्मा ने बताया कि दाखिले के इच्छुक सभी छात्र-छात्राएं पहली जून से 19 जून तक कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट gcarki-hpnic.in पर जाकर ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समय रहते अधिक से अधिक संख्या में प्रवेश लेने की अपील की है। प्राचार्या ने स्पष्ट किया कि जहां प्रथम वर्ष में नई शिक्षा नीति के तहत सेमेस्टर सिस्टम लागू होगा। वहीं द्वितीय वर्ष और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के दाखिले पुराने नियमों के अनुसार ही होंगे। इन कक्षाओं के दाखिले रोल ऑन आधार पर वार्षिक प्रणाली के तहत ही जारी रहेंगे।
इसी सत्र से शुरू हो रही एमए की कक्षाएं
अर्की महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल और समृद्ध पुस्तकालय के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए कई नए विकल्प जोड़े गए हैं। नए पीजी कोर्सेज इसी सत्र से विद्यार्थियों को अंग्रेजी, इतिहास, हिंदी और राजनीति शास्त्र विषयों में एमए करने का सुनहरा अवसर मिलेगा स्नातक कक्षाओं के अलावा कॉलेज में प्रोफेशनल कोर्सेज जैसे बीसीए ,पीजीडीसीए और विभिन्न ऐड-ऑन कोर्सेज भी उपलब्ध हैं।