शिक्षा विभाग ने छुट्टियों को देखते हुए बढ़ाई तिथि, छात्रों को राहत
शहर के कन्या स्कूल में एचपी बोर्ड और छात्र स्कूल में सीबीएसई की करेंगे पढ़ाई
दोनों स्कूलों में 2500 के करीब छात्र-छात्राएं करते हैं अध्ययन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला मुख्यालय के स्कूलों में दाखिला लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षा विभाग ने छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दी है। इस निर्णय से उन सैकड़ों अभिभावकों और छात्रों को बड़ी राहत मिली है, जो किसी कारणवश अब तक दाखिला प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे।
शिक्षा विभाग के अनुसार, बीच में आई छुट्टियों के कारण कई छात्र समय पर आवेदन नहीं कर सके थे। छात्रों के भविष्य और सुविधा को देखते हुए तिथि विस्तार का निर्णय लिया गया है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा के अवसर से वंचित न रहे।सोलन शहर के दो प्रमुख शिक्षण संस्थानों में बोर्ड प्रबंधन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलन में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत पढ़ाई और दाखिले होंगे, जबकि राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सीबीएसई बोर्ड के तहत विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।
जिला मुख्यालय के इन दोनों प्रमुख स्कूलों में करीब 2500 छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। दाखिले की तिथि बढ़ने से न केवल नए छात्रों को लाभ होगा, बल्कि स्कूल प्रबंधन को भी दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। शिक्षा उपनिदेशक (उच्च शिक्षा) गोपाल चौहान ने बताया कि छात्र विद्यालय को सीबीएसई और छात्रा विद्यालय को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत रखा गया है। इन दोनों स्कूलों में विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार प्रवेश ले सकते हैं। इसके अलावा पुंजविला प्राथमिक विद्यालय को भी सीबीएसई के तहत शामिल किया जा रहा है