इससे पहले पैमाइश कर स्वयं अतिक्रमण हटाने की दी थी चेतावनी
अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
माल रोड, राजगढ़ रोड, ओल्ड बस स्टैंड पर भी की है नपाई
एसडीएम, राजस्व विभाग और नगर निगम की टीम रही शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। पिछले एक सप्ताह से शहर के माल रोड, राजगढ़ रोड पर पैमाइश कर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी भी दे रहा था। जिसमें लोगों को अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए भी कहा गया था। लेकिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इस बीच बुधवार को एसडीएम सोलन कविता ठाकुर और उनकी राजस्व विभाग, नगर निगम की टीम ने जेसीबी लगाकर राजगढ़ रोड से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को प्रशासन की टीमों ने जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण को हटाया है इसमें सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों का जहां सामान हटाया गया है वहीं दूसरी तरफ सड़क किनारे पार्क किए गए दो पहिया वाहन के चालान भी किए गए । इसके अलावा दुकानदारों की ओर से सड़क किनारे लगाई गई ग्रिल और बोर्ड को भी हटाया है। इस बीच मौके पर कारोबारियों की भीड़ जमा रही। वहीं प्रशासन की इस कार्रवाई से अन्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।
एसडीएम सोलन कविता ठाकुर ने बताया कि सोलन शहर में अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। बुधवार को यह कार्रवाई जारी रही। शहर के माल रोड, ओल्ड डीसी ऑफिस के पास अतिक्रमण को हटाया गया है ताकि राहगीरों और वाहनों को चलने में दिक्कत न हो, अतिक्रमण होने से जाम जैसी समस्या भी रहती थी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण जाम आम हो गया था व राहगीर भी परेशान थे। इसीलिए प्रशासन अब अपना कार्य कर रहा है व अपनी जमीन को खाली करवा रहा है।