भागने की कोशिश कर रहे चालकों को पुलिस ने मौके पर दबोचा
पुलिस ने माइनिंग एक्ट के तहत मामला किया दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी जोगों की टीम ने अंदरोला खड्ड में कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध खनन कार्य में जुटी दो जेसीबी मशीनों और एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम जब अन्दरोला खड्ड में गश्त पर थी, तो वहां अवैध खनन गतिविधियां पाई गईं। पुलिस की टीम को देखते ही वाहन चालकों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर सभी वाहनों को मौके पर ही काबू कर लिया। जब्त वाहनों में जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर है। पूछताछ में जेसीबी ऑपरेटरों की पहचान रिया निवासी पदम सिंह व भूपिंद्र सिंह के रूप में हुई है, जबकि ट्रैक्टर चालक की पहचान अंदरोला निवासी गोविंद राम के रूप में हुई है। तीनों वाहन बिना किसी कानूनी अनुमति के खड्ड में अवैध खनन कर रहे थे। नालागढ़ पुलिस थाना में आरोपियों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।