बिलासपुर के आरोपी ने 21 हजार रुपये पर हाथ किया था साफ
17 अक्तूबर की रात वारदात को दिया अंजाम
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट (सोलन)। स्थानीय दो मंदिरों के दानपात्र तोड़कर 21 हजार रुपये की नकदी चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को सोलन से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सुनील कुमार (28), निवासी चनालग, डाकघर बंदला, तहसील सदर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी की नकदी में से कुछ राशि बरामद कर ली है।
कंडाघाट निवासी चैन सिंह ने पुलिस थाना कंडाघाट में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, शिव मंदिर सीरिनगर के दानपात्र से करीब 18 हजार रुपये और राजेश्वरी माता मंदिर के दानपात्र से तीन हजार रुपये चोरी हुए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मंदिरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे सोलन से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
आरोपी पर बिलासपुर और नालागढ़ में चोरी के छह मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ बिलासपुर और नालागढ़ के थानों में चोरी के छह मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल करने के साथ ही मंदिरों में हुई चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एसपी सोलन टी साई वर्मा ने बताया कि चोरी की नकदी में से कुछ राशि बरामद कर ली गई है। शेष राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।