आरोपी के खिलाफ चल रहे चोरी और नशीले पदार्थ रखने के मामलेगश्त के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई, आगामी जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में एक व्यक्ति को पुलिस ने नशीली दवा की 520 गोलियों के साथ पकड़ा है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी के खिलाफ चार मामले पहले से चोरी से संबंधित दर्ज हैं। साथ ही नशीली दवाओं के मामले भी दर्ज हैं।
जानकारी अनुसार पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ठोडो मैदान के पास गश्त कर रही थी। मुकेश कुमार उर्फ तोई निवासी गांधी मोहल्ला समीप चौक बाजार सोलन अपने हाथ में एक सूटकेस उठाकर जा रहा था। उक्त व्यक्ति पहले भी चोरियों व अन्य आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है। शक होने पर उसकी और सूटकेस की तलाशी ली गई। सूटकेस में नशीली दवाइयों की 520 गोलियां बरामद हुईं। उसके पास कोई लाइसेंस नहीं था। आरोपी से पकड़ी गई नशीली दवाएं प्रतिबंधित हैं। आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे नशीली दवाओं सहित ड्रग निरीक्षक के हवाले कर दिया गया।
उधर, एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि उक्त आरोपी पहले भी आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है। दसके विरुद्ध चार मामले पुलिस थाना सदर सोलन में चोरी से संबंधित दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त नशीली दवाइयों से संबंधित कई मामले पंजीकृत हैं।