नशे के खिलाफ पुलिस ने कंडाघाट, परवाणू और सोलन में की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसआईयू की टीमों ने चार अलग-अलग मामलों में 29.13 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 4 आरोपियों को पूछताछ के बाद नोटिस देकर पाबंद किया गया है। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी जांच और आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जानकारी के अनुसार थाना सदर सोलन पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक गाड़ी की जांच की। वाहन में सवार तीन युवकों हितेश निवासी गांव नेसंग, डाकघर सपीलो, तहसील पूह, जिला किन्नौर, कृष्ण कुमार व आकाश दोनों निवासी गांव चगांव डाकघर टापरी, तहसील निचार, जिला किन्नौर के कब्जे से 4.67 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और तीनों युवकों से पूछताछ के बाद बीएनएसएस की धारा 35 के नोटिस के तहत पाबंद किया गया है।
इनसेट
14.35 ग्राम चिट्टा पकड़ा
धर्मपुर (सोलन)। एसआईयू सोलन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर धर्मपुर क्षेत्र में एक स्विफ्ट डिजायर टैक्सी में सवार युवक से 14.35 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी की पहचान संचित ठाकुर निवासी गलानग, तहसील व जिला सोलन के रूप में हुई, जिसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपी ने सोलन से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से सोलन के लिए टैक्सी किराये पर ली थी।
8.72 ग्राम चिट्टा बरामद
परवाणू (सोलन)। जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना पर दत्यार के समीप एक ऑल्टो कार में बैठे युवक के कब्जे से 8.72 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी की पहचान नवीन कुमार निवासी गांव क्यारड, डाकघर भराड़ीघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई, जिसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया और आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया के साथ मामले की छानबीन जारी है। संवाद
बस में यात्री से 1.39 ग्राम चिट्टा पकड़ा
कंडाघाट(सोलन)। थाना कंडाघाट पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चंडीगढ़ से शिमला जा रही पंजाब रोडवेज की बस को कंडाघाट के चायल चौक पर जांच के लिए रोका। बस की सीट नंबर-7 पर बैठे यात्री विशाल (32 वर्ष) निवासी गांव व डाकघर जुन्गा, तहसील जुन्गा, जिला शिमला के कब्जे से 1.39 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने अभियोग दर्ज कर पूछताछ के बाद आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35(3) के नोटिस से पाबंद किया है और आगे की जांच जारी है। संवाद