18 चरस बरामद, पांच वाहन जब्त दो आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं तस्करी के मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने परवाणू और धर्मपुर थाना क्षेत्रों में छह अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल आठ युवकों को पकड़ा है। पुलिस ने इन मामलों में कुल 43.23 ग्राम चिट्टा और 18 ग्राम चरस बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच वाहनों को भी कब्जे में लिया है। पुलिस सभी मामलों में आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के साथ नशे की सप्लाई से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पुलिस थाना परवाणू के तहत तीन अलग-अलग मामलों में पांच युवकों से चिट्टा बरामद किया। पहले मामले में तीन-चार अक्तूबर की रात नाकाबंदी के दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही कार की जांच में शिमला जिले के 33 वर्षीय आनम से 7.21 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया है। दूसरे मामले में 14 अक्तूबर को पिकअप में सवार कुल बहादुर (21) निवासी शिमला और भूपेंद्र (20) निवासी सोलन से 3.26 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर पाबंद किया गया। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है।
तीसरे मामले में 14 अक्तूबर को जिला पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने स्विफ्ट डिजायर टैक्सी की जांच के दौरान शिमला जिले के 21 वर्षीय पीयूष शर्मा से 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर टैक्सी कब्जे में ले ली गई।
इनसेट
धर्मपुर में तीन मामलों में तीन आरोपी पकड़े
पुलिस थाना धर्मपुर के तहत तीन अलग-अलग मामलों में चिट्टा-हेरोइन और चरस बरामद की गई। आठ अक्तूबर को पुलिस ने टैक्सी में बैठे बठोल निवासी 29 वर्षीय चेतन से 2.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ धर्मपुर थाने में पहले भी चिट्टा तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। वह पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत जिला जेल सोलन में तीन महीने की निवारक हिरासत में भी रह चुका है। पूछताछ के बाद उसे बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत पाबंद किया गया।
नौ अक्तूबर को एसआईयू की टीम ने सोलन में एक वाहन की तलाशी के दौरान शिमला जिले के अमीन कुमार (31) और देविंद्र (25) से कुल 18 ग्राम चरस बरामद की। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने संबंधित वाहन को भी कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को अदालत से तीन दिन का पुलिस हिरासत रिमांड मिला था।
वहीं, 14-15 अक्तूबर की रात धर्मपुर पुलिस ने नगाली निवासी 32 वर्षीय रजत शर्मा से 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि उसके खिलाफ पहले भी चिट्टा-हेरोइन तस्करी के चार मामले दर्ज हैं। इनमें सदर सोलन थाने में एक, धर्मपुर थाने में दो और परवाणू थाने में एक मामला दर्ज है। इन मामलों में कुल 31.62 ग्राम चिट्टा-हेरोइन बरामद की गई थी।
इनसेट
नशे के नेटवर्क की जांच जारी
एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस सभी मामलों में आगामी जांच कर रही है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।