पुलिस ने बसाल के जंगल और गांवों में चलाया था सर्च ऑपरेशन
पुलिस की सात टीमों ने की घेराबंदी, गोशाला के पास से दबोचा
निशानदेही के दौरान पुलिस को चकमा देकर भाग गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सदर पुलिस थाना की हिरासत से हथकड़ी समेत फरार हुए चोरी के आरोपी को पुलिस ने वीरवार देर रात बसाल क्षेत्र से दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की करीब सात टीमों ने आसपास के जंगलों और गांवों में घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया और आखिरकार उसे एक गोशाला के समीप दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार सदर थाना सोलन में 7 अक्तूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 व 331(4) के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी आशु पुत्र पवन निवासी गांव बागमार नेपाल हाल निवासी कठार बसाल को गिरफ्तार किया था। वीरवार को पुलिस टीम चोरी के सामान की बरामदगी और निशानदेही के लिए आरोपी को कठार ले गई थी। इसी दौरान आरोपी पुलिस जवानों को चकमा देकर हथकड़ी समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और जिला मुख्यालय में नाकेबंदी कर दी गई। आरोपी की तलाश के लिए गठित सात अलग-अलग टीमों ने बसाल, कठार और आसपास के घने जंगलों को घेरकर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर रात पुलिस टीमों को सफलता मिली और आरोपी को गोशाला के पास से काबू कर लिया गया।
एएसपी सोलन लीव रिजर्व संतोष शर्मा ने बताया कि फरार आरोपी को बसाल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।