बस चालक, यात्री और दुकानदार परेशान
लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। न्यू बस स्टैंड कुनिहार का प्रवेश मार्ग बदहाल है। सड़क जगह-जगह से उखड़कर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
लोगों के अनुसार न्यू बस स्टैंड से प्रतिदिन एचआरटीसी और निजी बसों सहित सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण बस चालकों को वाहनों को सुरक्षित निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। कई बार बसों को बेहद धीमी गति से निकालना पड़ता है, जिससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग और अधिक जोखिम भरा बन गया है।
बस स्टैंड के समीप दुकानदारों का कहना है कि सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई। बरसात में हालात और भी खराब हो गए हैं। गड्ढों में भरे पानी के कारण वाहन चालक संतुलन खो सकते हैं और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ सकता है।
दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) तथा संबंधित विभाग से मांग की है कि न्यू बस स्टैंड के प्रवेश मार्ग के गड्ढों को भरकर सड़क की शीघ्र मरम्मत करवाई जाए, ताकि यात्रियों और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस समस्या की जानकारी नहीं थी। जल्द ही कुनिहार का दौरा कर मौके का निरीक्षण करुंगा। निरीक्षण के बाद सड़क की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू करवाने का प्रयास किया जाएगा।
-प्रदीप ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी सोलन