सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल के वार्डों में टू इन वन एसी लगाने की योजना सिरे नहीं पाई है। जिससे मरीज ठंड में ठिठुरने को मजबूर है। जब तक एसी नहीं लगते तब तक हीटरों का प्रबंध भी नहीं किया जा रहा है। अधिकतर वार्ड बिना हीटरों के ही रखे गए हैं। गौर रहे कि अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल के प्रत्येक वार्ड में मरीजों को सुविधा प्रदान करने के लिए एसी लगाने की योजना तैयार की थी। जो फेल होती नजर आने लगी है। इससे मरीजों को ठंड में परेशानी हो रही है। यदि किसी वार्ड में हीटर है तो वहां भी एक ही हीटर के सहारे काम चलाया जा रहा है। कई वार्डों में तो हीटर ही पुराने और खराब हैं। जिन्हें ठीक नहीं करवाया जा रहा है। ऐसी दशा में मरीजों को कई बार अपने पैसे खर्च की हीटर खरीदने पड़ते हैं। अस्पताल में स्थानीय ही नहीं आसपास के क्षेत्रों से भी उपचार के लिए लोग पहुंचते हैं। एसएस डॉ. एनके गुप्ता ने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए अस्पताल प्रबंधन प्रयास करता है। वार्डों में एसी लगाने की योजना बनाई गई है। जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।