नालागढ़ थाना में मनाया रक्षाबंधन का त्योहार
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नालागढ़ इकाई ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक अनूठी पहल करते हुए नालागढ़ पुलिस थाने में कर्मियों के साथ राखी कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर एबीवीपी की बहनों ने पुलिस जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें शुभकामनाएं दी और समाज की सुरक्षा में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान इकाई के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन जैसे पर्व पर उन्हें यह एहसास दिलाना आवश्यक है कि समाज उन्हें सम्मान और भाईचारे के बंधन में सदैव याद रखता है। इस अवसर पर एबीवीपी नालागढ़ जिला संयोजक सौम्या भंडारी ने कहा कि यह पहल केवल एक परंपरा निभाना नहीं, बल्कि समाज में पुलिस और नागरिकों के बीच आपसी विश्वास और सौहार्द बढ़ाने का एक प्रयास है। एबीवीपी का यह प्रयास नालागढ़ में सामाजिक समरसता और परस्पर सम्मान का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।