काम की तलाश में आया सोलन था छत्तीसगढ़ का सुदामा भगत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन बाइपास पर स्थित एक निजी होटल की चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सुदामा भगत निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है, जो महज तीन दिन पहले ही अपने साथियों के साथ काम की तलाश में सोलन पहुंचा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया है। मौके से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुदामा भगत पुत्र मोधाराम, निवासी जसपुर, छत्तीसगढ़ बुधवार देर शाम अपने साथियों के साथ होटल की छत पर मौजूद था। बताया जा रहा है कि वे वहां शराब का सेवन कर रहे थे। कुछ देर बाद सुदामा के साथी अपने कमरों में चले गए, लेकिन वह छत पर ही बैठा रहा। इसी बीच अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह चौथी मंजिल से सीधे नीचे जा गिरा। जोरदार आवाज सुनकर होटल स्टाफ और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हुए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। युवक को लहुलूहान हालत में क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच हर पहलू से कर रही है कि यह महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण। एएसपी सोलन राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है, जहां से शराब की बोतल बरामद हुई है। प्रथम दृष्टया यह संतुलन बिगड़ने का मामला लग रहा है। परिजनों के सोलन पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस साथियों के बयान भी दर्ज कर रही है।