दाड़लाघाट के स्यार में हादसा, आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के स्यार में पंचायतीराज चुनाव के दौरान युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। चुनावी बहस के दौरान हुई कहासुनी के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अश्वनी कुमार और आरोपी कुनाल के बीच पंचायत चुनाव को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान तेरा ताऊ जय चंद नहीं जीतेगा कहने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान कथित तौर पर धक्का लगने से अश्वनी कुमार बालकनी से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मंगलवार देर रात ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के चुनाव परिणाम भी घोषित किए गए। इसमें प्रधान पद पर जय चंद को हार का सामना करना पड़ा। प्रधान पद पर श्याम सिंह चौधरी ने 853 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि जय चंद को 581 वोट मिले। पुलिस थाना दाड़लाघाट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी कुनाल को न्यायालय में पेश करने के बाद चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता के साथ जांच कर रही है।