मृतक कामगार यूपी शाहजहांपुर जिले का रहने वाला था
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बरोटीवाला के कुंजाहल में किराए के मकान में रहने वाले यूपी के कामगार ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को निकाला। नालागढ़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार यूपी के जिला व तहसील शाहजहां पुर के पींग गांव का रहने वाले अनुज कुमार (25) पुत्र भीमा राय बरोटीवाला के कुंजाहल में संजय ठाकुर के मकान में पहली मंजिल में रहता था। इसी भवन में अनुज कुमार का मामा मोती लाल भी रहता था। बीती रात को अनुज के पिता उसे फोन कर रहे थे, लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा था। जब कई बार फोन करने के बाद फोन नहीं उठाया तो पिता ने अनुज के मामा को फोन किया। मामा मोती लाल उस दौरान ड्यूटी पर थे। ड्यूटी से जब वह कमरे में आए तो वहां अनुज ने कमरे में अंदर से कुंडी लगा रखी थी। उसने मौके पर पुलिस को बुलाया। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो अनुज कमरे में लोहे की कुंडी में मफलर के साथ फंदे पर लटका हुआ था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम करवाया। उसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके मामा व भाई को सौंप दिया। उसका अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव पींग में होगा। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि अनुज चार माह पहले ही हिमाचल आया था और किसी कंपनी में जॉब करता था। पिछले रविवार को उसने अपनी पत्नी को यूपी छोड़ा। उसके कमरे से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।