संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। कुनिहार के मुख्य मार्ग पर वीरवार को पुरानी पुलिस चौकी के समीप एक सूखा सफेदे का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पर खड़ी एक स्कूटी इसकी चपेट में आ गई। गनीमत रही कि पेड़ जब गिरा तो वहां पर कोई नहीं था। घटना के समय बाजार में करवा चौथ को लेकर काफी भीड़ थी। पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोठी चौक से लेकर तालाब और ऊच्चा गांव तक सड़क किनारे खड़े कई पेड़ अब विकराल रूप ले चुके हैं, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। स्थानीय सामाजिक संस्थाओं और लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि ऐसे सूखे और खतरनाक पेड़ों की शीघ्र छंटाई और कटाई की जाए ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके।