सोलन में पहली जून से शुरू होगा एंटी-चिट्टा अभियान,उपायुक्त सोलन करेंगे शुभारंभ
स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए जाएंगे जागरूकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति विशेष रूप से चिट्टा के घातक दुष्प्रभावों के खिलाफ राज्य सरकार और प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है। इसी कड़ी में सोलन जिले में आगामी एक जून से एक वृहद और गहन जागरूकता अभियान एंटी-चिट्टा अवेयरनेस कैंपेन फेज दो शुरू होने जा रहा है।
शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह अभियान आगामी 20 अगस्त तक पूरे राज्य के सभी जिलों में समानांतर रूप से चलाया जाएगा।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक गोपल चौहान ने बताया कि उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सीबीएसई सोलन से इस जिला स्तरीय अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान उपायुक्त छात्रों के साथ सीधे संवाद की शुरुआत भी करेंगे, ताकि युवा पीढ़ी को नशे के जाल से सुरक्षित रखने के व्यावहारिक उपायों पर खुलकर चर्चा हो सके। इस महत्वपूर्ण अभियान का प्राथमिक उद्देश्य स्कूली छात्रों, युवाओं और आम जनता को सिंथेटिक ड्रग्स यानी चिट्टा के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति पूरी तरह संवेदनशील बनाना है। प्रशासन का मानना है कि नशा मुक्ति केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। यह अभियान समाज से चिट्टा के अभिशाप को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए एक सामूहिक प्रयास को बढ़ावा देगा।
सभी शिक्षण संस्थानों को अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश
शिक्षा विभाग ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों, स्कूल प्राचार्यों और शिक्षकों को इस अभियान की सफलता के लिए अपना पूर्ण सहयोग देने का निर्देश दिया है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक ने स्पष्ट किया है कि सभी कार्यक्रमों में छात्रों और स्टाफ सदस्यों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इस कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक को भी विशेष रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।