झाड़माजरी के समीप नाली में गिरा ट्रैक्टर- संवाद।
झाड़माजरी में पेश आया हादसा, कोई जानमाल का नुकसान नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। झाड़माजरी स्थित बिजली बोर्ड के सब स्टेशन के समीप वीरवार दोपहर तारों के आपस में टकराने से हुए जोरदार धमाके ने राहगीरों की सांसें अटका दीं। धमाका इतना जबरदस्त था कि तार के नीचे से गुजर रहे ट्रैक्टर का चालक बुरी तरह घबरा गया और उसने चलते ट्रैक्टर से सड़क पर छलांग लगा दी। बिना चालक के ट्रैक्टर सड़क पर कुछ दूरी तक दौड़ता रहा और अंत में नाली में जाकर पलट गया। गनीमत रही कि इस दौरान सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब सवा दो बजे झाड़माजरी-बरोटीवाला मार्ग पर राम धर्मकांटा के पास हुआ। अचानक ऊपर से गुजर रहे बिजली के हाई-वोल्टेज के तार आपस में टकरा गए, जिससे भीषण चिंगारी के साथ ब्लास्ट हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही सड़क पर चल रहे वाहनों के पहिये थम गए। ट्रैक्टर चालक ने खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए जान बचाने के लिए नीचे छलांग लगा दी। हालांकि, इस घटना में चालक को कोई चोट नहीं आई है। राम धर्मकांटा के संचालक कृष्ण कौशल ने बताया कि ब्लास्ट के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। धमाका होने से आसपास की दुकानों और उद्योगों में भी हड़कंप मच गया। बिजली बोर्ड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया।
कोर्ट
दो तार के आपस में टकराने के कारण यह ब्लास्ट हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। अचानक बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।
-दीपक वर्मा, अधिशासी अभियंता, बिजली बोर्ड