अस्पताल प्रशासन ने सरकार को भेजा प्रस्ताव, 10 से 15 करोड़ रुपये होंगे खर्च
प्लांट में खुद भर सकेंगे ऑक्सीजन सिलिंडर, अभी के समय बद्दी से आती है सप्लाई
मंजूरी मिलने के बाद होगा काम शुरू, क्षेत्रीय अस्पताल में कोरोना में लगा था प्लांट
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में निर्माणाधीन नए सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के पास आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद अस्पताल में मरीजों को ऑक्सीजन के लिए सिलिंडरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 10 से 15 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
नए ऑक्सीजन प्लांट के लगने से अस्पताल के वार्डों में सीधे ऑक्सीजन सप्लाई सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही प्लांट में ही ऑक्सीजन सिलिंडर भी भरे जा सकेंगे। इससे कर्मचारियों को सिलिंडर भरवाने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और अस्पताल में पहले से पर्याप्त सिलिंडर उपलब्ध रहेंगे। आपातकालीन स्थिति में भी मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में कोरोना काल के दौरान करीब सात करोड़ रुपये की लागत से ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया था, लेकिन उसका टेंडर समाप्त होने के कारण वह पिछले एक महीने से बंद पड़ा है। फिलहाल अस्पताल में मरीजों को ऑक्सीजन सिलिंडरों से सुविधा दी जा रही है। इन सिलिंडरों की सप्लाई बद्दी से की जा रही है, जिससे सरकार का खर्च भी बढ़ रहा है।
नए आधुनिक ऑक्सीजन प्लांट के शुरू होने के बाद कथेड़ में निर्माणाधीन सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से जिले और आसपास के अन्य अस्पतालों को भी ऑक्सीजन सिलिंडर की सप्लाई की जा सकेगी। इससे क्षेत्र के कई अस्पतालों को लाभ मिलेगा और मरीजों को समय पर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा जा रहा है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्लांट के माध्यम से अस्पताल में ही खाली सिलिंडर भरे जा सकेंगे। फिलहाल ऑक्सीजन की सप्लाई बद्दी से की जा रही है।
-डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन