विकास खंड धर्मपुर का नवनिर्मित भवन। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
जून में सीएम सुक्खू कर सकते हैं भवन का उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। विकास खंड धर्मपुर को जल्द ही अपना नया और अत्याधुनिक प्रशासनिक केंद्र मिलने जा रहा है। करीब 3.42 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए चार मंजिला भव्य कार्यालय भवन का उद्घाटन आगामी जून महीने में संभावित है। प्रयास किए जा रहे हैं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस नए भवन का लोकार्पण कर जनता को समर्पित करें। इस नए कार्यालय की सबसे बड़ी खासियत इसका ग्रीन भवन के रूप में निर्मित होना है। पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा की बचत को ध्यान में रखते हुए इस बिल्डिंग को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें बिजली की खपत कम से कम हो, लोक निर्माण विभाग की आर्किटेक्ट विंग की ओर से तैयार नक्शे के अनुसार हर मंजिल के कमरों में दिन के समय भरपूर प्राकृतिक रोशनी रहेगी, जिससे लाइट्स जलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिजली उपकरणों का उपयोग कम करने के लिए भवन में सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। साथ ही पूरे परिसर में केवल एलईडी लाइट्स का ही प्रावधान किया गया है। चार मंजिला इस अत्याधुनिक भवन में हर विभाग और सुविधा के लिए अलग स्पेस तय किया गया है। धरातल मंजिल में एक बड़ा ट्रेनिंग हॉल और पुस्तकालय, प्रथम मंजिल में पंचायत समिति के चेयरमैन व उनके स्टाफ का कमरा, पीआईए स्टाफ कार्यालय और एनएचआरएम का ऑफिस। दूसरी मंजिल में विकास खंड अधिकारी का कार्यालय, स्टाफ रूम और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए विशेष कमरा। तीसरी मंजिल बैठक हॉल और स्टाफ व जनता के लिए कैंटीन की सुविधा मिलेगी।
कोट
नए भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। हमारा पूरा प्रयास है कि जून महीने में मुख्यमंत्री से इस बेहतरीन और अत्याधुनिक सुविधा से लैस भवन का उद्घाटन करवाया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे बेहतर सेवाएं मिल सकें।
धनीराम पंवर, बीडीओ,धर्मपुर