गंबरपुल–बनोह सरली सड़क पर रविवार को पलटी गाड़ी। स्रोत : जागरूक पाठक
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। गंबरपुल-बनोह सरली मार्ग पर रविवार को एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा उतराई वाले मार्ग पर ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। हालांकि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार कार चंडी से जयनगर की ओर जा रही थी। जैसे ही कार गंबरपुल-बनोह सरली मार्ग पर उतराई पर पहुंचा तो अचानक कार ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। इसी दौरान सामने से एक बाइक आ रही थी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जिससे कार पहाड़ी से टकराकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में चालक अकेला सवार था। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही किसी अन्य राहगीर को चोट पहुंची। चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।