नालागढ़ (सोलन)। प्लासी कलां पंचायत के सैणी माजरा से लापता पंचायत प्रधान के बेटे के परिजनों ने मदनपुरा के सद्दीक मोहम्मद पर हत्या करने का शक जताया है। कामगार बोर्ड के चेयरमैन हरदीप बाबा, पंचायत प्रधान एवं लापता बेटे क ी मां गुरदेई, पूर्व प्रधान हरभजन, मदन लाल, ज्ञान चंद, काला सिंह, बीडीसी सदस्य राजीव भल्ला, बीबीएन संघर्ष समिति के प्रधान गुरचरण सिंह, महासचिव हरबंस पटियाल समेत दर्र्जनों ग्रामीण डीएसपी खजाना राम से इसकी शिकायत की है।
गुरदेई ने डीएसपी को बताया कि उसके बेटे करनैल सिंह ऊर्फ गोवर्धन का मदनपुरा गांव के सद्दीक मोहम्मद के साथ पिछले एक साल से झगड़ा चला हुआ था। सद्दीक मोहम्मद व उनका बेटा एक फार्मा कंपनी में एक साथ काम करते थे। इस बीच सद्दीक ने उसके बेटे से पैसे उधार लिए, लेकिन उधार वापस नहीं दे रहा था। इसके लिए वह उसके घर पैसे मांगने गया जिस पर उसने पहले भी झगड़ा किया था। इस झगड़े के कारण उनके बेटे ने फैक्टरी छोड़ दी थी।
13 अक्तूबर को करनैल सिंह दांत के दर्द की दवाई लेने गया था। उन्हें शक है कि उसके बेटे की उक्त युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर उसे नहर में फेंक दिया हो। उसके बेटे के पास मोबाइल फोन में दो सिम थे, लेकिन 13 अक्तूबर को 11 बजे के बाद फोन भी काम करना बंद कर दिया है।
डीएसपी खजाना राम ने पुलिस की तीन टीमें बना कर जांच के लिए संबंधित पंचायत व पंजाब के लिए रवाना कर दी है। डीएसपी ने बताया कि उक्त युवक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।