नए शैक्षणिक सत्र में फिर बनेंगी एसएमसी
सोलन। सरकारी स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही आगामी सत्र के लिए स्कूल प्रबंधन समितियों का फिर से गठन किया जाएगा। सत्र की समाप्ति के साथ ही पुरानी समितियों का कार्यकाल स्वत: समाप्त हो गया है। जिला सोलन के अंतर्गत 1287 सरकारी स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित किए जा रहे हैं। सभी स्कूलों में एसएमसी का गठन अनिवार्य है। विभाग की ओर से जारी निर्देशानुसार समस्त स्कूलों में नए सत्र की शुरुआत के साथ नई स्कूल प्रबंधन समिति का गठन करना होगा। हालांकि शिक्षा विभाग की ओर से समिति के गठन को लेकर कोई समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
संभावना है कि नए सत्र में गठित की जाने वाली स्कूल प्रबंधन समितियां प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग कर सकेंगी। इससे स्कूलों में व्यवस्थाओं को सुधारने में सहयोग मिलेगा। साथ ही ड्यूटी में कोताही करने वाले कर्मचारियों पर नकेल कसी जा सकेगी। वर्तमान में जिला सोलन में 765 प्राथमिक स्कूल, 163 माध्यमिक स्कूल, 56 हाई स्कूल तथा 91 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हैं। उच्च शिक्षा उपनिदेशक सोलन गुरदयाल सिंह बग्गा ने कहा कि विभागीय निर्देशानुसार नए सत्र में स्कूल प्रबंधन समितियों का पुन: चुनाव करना होगा।