सोलन। जिला सोलन के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल चायल तथा कसौली में वीक एंड के चलते पर्यटकों का जमावड़ा रहा। ठंड के लुभावने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए देश विदेश के पर्यटक इन दिनों कसौली व चायल घूमने में व्यस्त हैं। वीक एंड के दौरान पड़ी छुट्टियां को काटने अक्सर पर्यटक कसौली व चायल का रूख करते हैं। दो दिन तक यहां की वादियों में रहकर मैदानों की तरफ रूख करते हैं। प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कसौली के मैदानी इलाकों के साथ सटे होने से यहां पर हर वीक एंड पर भारी रश रहता है। कसौली के लिए चंडीगढ़ से मात्र एक से डेढ़ घंटे का रास्ता है। इसके विपरित चायल में भी बर्फ के इंतजार में पर्यटक आने शुरू हो गए हैं।
दिल्ली से कसौली घूमने आए सुरेंद्र, अजित, मनीष, राहुल ने बताया कि वह वीक एंड की छुट्टियाें के चलते कसौली घुमने के लिए आए हैं। यहां की वादियां उन्हें खूब भा गई हैं।
चंडीगढ़ से कसौली पहुंचे नेहा, विशाल, रोहित, पूजा ने बताया कि वह अक्सर वीक एंड पर कसौली पहुंचते हैं तथा यहां पर आकर खुब मौज मस्तियां करते हैं। जयपुर से चायल घूमने पहुंचे नवविवाहित जोडे़ इशिता, प्रणव, गार्गी, रोहिल ने बताया कि उन्होंने कसौली के पश्चात चायल घूमने के लिए आए हैं। उन्हें यहां की वादियां व मौसम खूब लुभावना लगा।