बद्दी (सोलन)। निर्धारित वजन से अधिक माल ढोने वाले ट्रक चालकों की अब खेर नहीं है। परिवहन विभाग ने ओवर लोडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग के आरटीओ ने बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर नाकाबंदी करके यातायात नियमों को उल्लंघन करने वाले वाहनों की धरपकड़ की। इस दौरान उन्होंने दो दर्जन वाहनों के चालान कर 85 हजार रुपये जुर्माना वसूला। चार वाहन चालकों के कागज कब्जे में लिए, जबकि एक वाहन चालक के पास कागज न होने पर उसकी गाड़ी को सीज कर लिया है।
विभाग की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया तथा वाहन चालक अपने वाहनों को सड़क के किनारे खड़ा करके आरटीओ के जाने के इंतजार करते रहे। आरटीओ डा. चांद शर्मा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय राज मार्ग पर नाकेबंदी की। इस दौरान उन्होंने 85 वाहनों की जांच की। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 23 वाहनों के चालान किए। 18 वाहन चालकों ने मौके पर 85 हजार रुपये के चालान भुगत लिए। चार वाहन चालकों के पास पैसे नहीं थे। इस पर आरटीओ ने कागज अपने कब्जे में रख लिए हैं। एक वाहन चालक के पास गाड़ी के कागज न होने पर विभाग ने गाड़ी को सीज कर लिया है।
आरटीओ डा. चांद शर्मा ने अवैध रूप से संचालित वाहन चालकों की धरपकड़ करने की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए अधिकांश वाहन ओवर लोडिंग, फ्रेशर हार्न तथा बिना परमिट के पाए गए। सबसे अधिक चालान ओवर लोडिंग के हुए। ट्रकों में निर्धारित वजन से अधिक का माल भरा हुआ पाया गया। इसके अलावा बाहरी राज्यों के ट्रक बिना परमिट के पाए गए। इनसे जुर्माना वसूला गया।
उन्होंने बताया चार वाहन चालक पैसे न होने पर मौके पर जुर्माना नहीं दे पाए। इनके विभाग के आरसी व अन्य कागजात अपने पास रख लिए हैं। जुर्माना चुकाने के बाद वापस लौटा दिए जाएंगे। एक वाहन चालक के पास कोई भी कागजात नहीं था, जिस पर विभाग ने उसे सीज कर लिया है।