पुलिस ने गलोग में चरस की बड़ी खेप बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। पुलिस उपमंडल दाड़लाघाट की विशेष जांच इकाई की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गलोग के समीप नाकाबंदी कर एक आल्टो कार से 926.48 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को विशेष जांच इकाई की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर गलोग के समीप नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक आल्टो कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार में सवार 26 वर्षीय योगेश कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी गांव पपलोटा (डुमैहर) तथा 28 वर्षीय हेमराज पुत्र बालाराम निवासी गांव जाडली (पट्टा बरौरी) जिला सोलन के कब्जे से कुल 926.48 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अर्की में मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान चरस की तस्करी में प्रयुक्त आल्टो कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को 19 अगस्त को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस उपाधीक्षक दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।