अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। नगर परिषद के कर्ज तले अब कारोबारी भी दबते चले जा रहे हैं। आलम यह है कि नगर परिषद ने शहर के करीब 100 कारोबारियों ने दुकानों का किराया नहीं चुकाया है। इन कारोबारियों पर एक करोड़ 53 लाख 14 हजार की देनदारी है। इसके लिए नगर परिषद के कड़ा संज्ञान लिया है।
इसके तहत नगर परिषद जल्द ही नोटिस जारी करेगी। साथ ही नोटिस का 15 दिनों के अंदर संतोषजनक जवाब न मिलने पर कारोबारियों को केस भुगतना पड़ सकता है। उक्त कारोबारियों ने नप को करीब पांच वर्षों से अधिक का किराया नहीं दिया है। कुछ कारोबारियों के ऊपर तो पहले से ही केस चला हुआ है।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद के तहत करीब 260 दुकानें है जिसमें से करीब 100 कारोबारियों ने नप को दुकानों का किराया नहीं दिया है। इसके तहत नगर परिषद ने इनसे अब करोड़ों रुपये की वसूली करनी है। किराया न देने पर नगर परिषद के कई विकास कार्य भी रुके पड़े हैं।
नोटिस मिलने के बाद कारोबारियों को किराया न देने के पीछे कारण बताना होगा। यदि वह इसमें कोई संतोषजनक जवाब नहीं देते तो उक्त सभी को केस को भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। नगर परिषद की वर्तमान में शहर सहित आंबेडकर हॉल, गंज बाजार, माल रोड, चंबाघाट में दुकानें हैं।
नगर परिषद के ईओ गुरमीत नेगी ने बताया कि नगर परिषद की दुकानों का किराया न देने वाले 100 कारोबारियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 15 दिनों के अंदर संतोषजनक जवाब न मिलने पर सभी को केस भी भुगतना पड़ सकता है। इससे पहले भी कई कारोबारियों पर केस चले हुए हैं। इन सभी पर 1 करोड़ 53 लाख 14 हजार की देनदारी बाकी है।