अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर में पानी का कनेक्शन लेने के लिए शहरवासियों को इंतजार करना पड़ेगा। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने गर्मियों में पेयजल संकट को देखते हुए फैसला लिया है। विभाग ने लोगों को दिए जाने वाले पानी के कनेक्शनों पर अंकुश लगा दिया है।
साथ ही, कनेक्शन लेने के लिए भी लोगों को 15 जुलाई तक सब्र करना होगा। शहर के रबौण, आंजी, शमलेच में पेयजल योजना का जलस्तर घटने से लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ता है। भोजनगर, धर्मपुर, बीबीएन क्षेत्र में भी समस्या रहती है जिससे लोगों को बहुत ही थोड़े पानी से गुजारा करना पड़ता है।
शहर में अधिकतर योजनाएं गर्मियों में सूख जाती है जिससे योजनाओं में तो जलस्तर घट जाता है। पेयजल योजनाओं के सूखने से पानी के लिए त्राहि-त्राहि मच जाती है। इससे निपटने के लिए विभाग को टैंकरों का सहारा लेना पड़ता है।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की कुल 374 योजनाएं हैं जिनमें से 318 स्कीमें पेयजल और 56 स्कीमें सिंचाई की शामिल हैं। इनमें से अधिकतर योजनाएं गर्मियों के मौसम में सूख जाती हैं जिसको देखते हुए विभाग ने कनेक्शन न देने का फैसला लिया है।
घरेलू और व्यवसायिक कनेक्शनों पर लगाई रोक
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने घरेलू और व्यवसायिक कनेक्शनों पर रोक लगाई है। इसके तहत अब लोगों को कोई भी कनेक्शन मुहैया नहीं करवाया जाएगा। जुलाई तक कनेक्शनों पर रोक है जिससे गर्मियों में पानी की किल्लत से बचा जा सके और लोगों को पानी की आपूर्ति सुचारु हो सके।
अभी नहीं मिलेंगे पानी के नए कनेक्शन : सूद
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता सुमित सूद ने बताया कि गर्मियों में पेयजल किल्लत को देखते हुए विभाग ने पानी के नए घरेलू और व्यवसायिक कनेक्शन देने पर रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई तक कोई भी कनेक्शन नहीं दिया जाएगा।