फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हड़ताल से बेहाल स्कूल, सड़क पर मंडराते रहे बच्चे

विज्ञापन
विज्ञापन
सोलन। ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर काटे चालानों से खफा होकर टैक्सी चालकों ने वीरवार को छुट्टी के समय स्कूलों में वैनें नहीं भेजीं। इसके चलते वीरवार को बच्चे छुट्टी के बाद सड़क पर गाड़ी का इंतजार करते रहे। कुछ स्कूलों में अभिभावक अपनी-अपनी गाड़ी लेकर पहुंच गए जिस कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। छुट्टी के दौरान शहर में अफरातफरी का माहौल बना रहा। हादसे की संभावना के मद्देनजर पुलिस ने पूरी ताकत झोंक कर यातायात को नियंत्रित किया।
विज्ञापन

बच्चों को सकुशल घर पहुंचाने में पुलिस कर्मियों को भी खासा पसीना बहाना पड़ा। वहीं आरटीओ सोलन ने वीरवार को तीन बसों के चालान और काटे। वीरवार को एक तरफ हड़ताल चलती रही तो दूसरी तरफ वाहनों की चेकिंग का सिलसिला जारी रहा। इस सब का खामियाजा बच्चों और उनके अभिभावकों को भुगतना पड़ा। सोलन शहर में सबसे ज्यादा खराब हालत सेंट ल्यूक्स स्कूल के बाहर देखने को मिली। शहर के सबसे नामी स्कूलों में शुमार यहां छात्रों की संख्या भी ज्यादा है। वीरवार को छुट्टी के बाद अपनी गाड़ियों से बच्चों को लेने पहुंचे अभिभावकों से पूरा सोलन-शिमला रोड भर गया। इससे मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इस बीच जाम के बीच से बच्चे भी लगातार गुजरते रहे। ऐसा ही नजारा डीएवी स्कूल के छात्रों के साथ भी देखने को मिला। छुट्टी के बाद स्कूल के छात्र सड़क पर बैठकर गाड़ी आने का इंतजार करते रहे। कुछ छात्र सड़क से पैदल ही घरों को जाते नजर आए। ओवरलोडिंग और यातायात नियम तोड़ने के एवज में काटे गए चालानों के विरोध में टैक्सी चालकों ने हड़ताल का ऐलान किया है। इसके चलते उन्होंने वीरवार को स्कूल वैन बंद कर दी। इसके बाद अफरातफरी का माहौल बन गया। शहर भर में विभिन्न स्कूलों में करीब 90 स्कूल टैक्सियां चलती हैं। यहां टैक्सियां शहर के गुरुकुल स्कूल, सेंट ल्यूक्स, गीता आदर्श और डीएवी स्कूल के अलावा अन्य स्कूलों में बच्चों के लिए यह टैक्सियां चलती हैं।

मंत्री डॉ. राजीव सैजल को सौंपा ज्ञापन
स्कूल टैक्सी वैन एसोसिएशन के अध्यक्ष इकबाल मलिक ने कहा कि शहर में स्कूल टैक्सी चालकों पर की जा रही कार्यवाही को लेकर वीरवार को सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. राजीव सैजल से मिले हैं। उन्हें चालकों ने अपनी समस्याओं से अवगत करवाया है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने उनकी समस्या सुनी और इसका समाधान का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन


नियमों का करना ही होगा पालन : आरटीओ
आरटीओ सोलन नरेंद्र चौहान ने बताया कि शहर में नियमों का पालन न करने वाले चालकों पर कार्रवाई जारी रहेगी। यदि टैक्सी चालक द्वारा अपनी व्यवस्था ठीक करने के लिए कुछ समय मांगते हैं तो इन्हें एक महीने तक समय दिया जा सकता है। चालकों की मनमानी के लिए बच्चों की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती है। यदि कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी अधिकारी और स्थानीय प्रशासन की रहती है।

स्कूल वैन विवाद की
मंत्री करेंगे मध्यस्थता
सोलन। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने बताया कि इस संबंध में 21 अप्रैल को बैठक होगी। शहर में विभिन्न विद्यालयों के स्कूली छात्रों को लाने-ले जाने की पुख्ता व्यवस्था की इसमें चर्चा होगी। बैठक उपायुक्त कार्यालय सोलन के सम्मेलन कक्ष में 21 अप्रैल को सुबह 10 बजे होगी। बैठक में सोलन के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों के साथ विद्यालय प्रबंधन समितियों एवं अभिभावक-अध्यापक संघों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इसमें डीसी, एसपी, आरटीओ, उप निदेशक उच्च एवं प्रारंभिक शिक्षा सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने को कहा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें