सोलन।
माल रोड में रेहड़ी-फड़ी धारकों को नगर परिषद ने सामान समेटने के निर्देश जारी किए हैं। मालरोड से नगर परिषद ने हाईकोर्ट की फटकार पर रेहड़ी-फड़ी धारकों को खदेड़ दिया था। सड़क किनारे बनी नालियों को भी साफ करवाकर दुकानदारों से उनका कब्जा छुड़ाया था।
लेकिन कुुछ समय बाद अब हालात दोबारा से वैसे ही हो गए हैं। दुकानदारों समेत रेहड़ी-फड़ी धारकों ने दोबारा से सड़क किनारे और नालियों के ऊपर कब्जे करने शुरू कर दिए हैं। इसके मद्देनजर नगर परिषद कर्मचारियों ने मंगलवार को सभी फड़ी धारकों को सामान उठाने और दुकानदारों को हद में रखने के निर्देश दिए। बुधवार से नगर परिषद माल रोड को खाली करवाने के लिए कार्रवाई शुरू कर सकती है। नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने कहा कि लोगों को पेश आ रही समस्याओं के मद्देनजर यह कदम उठाए जा रहे हैं।