पूर्व सरकार के फैसलों की समीक्षा करने के बाद सीएम ने जारी किए आदेश, एक दर्जन पंचायतों को मिलेगा लाभ
औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा अग्निशमन विभाग
अमर उजाला ब्यूरो
कुठाड़ (सोलन)।
कृष्णगढ़ उपतहसील के तहत आने वाली पंचायतों और नजदीकी क्षेत्रों में होने वाली आगजनी की घटनाओं पर काबू पाने के लिए कुठाड़ में अग्निशमन चौकी खोली जाएगी। अग्निशमन चौकी के खुलने से दून विस क्षेत्र की 12 पंचायतों को लाभ होगा। अग्निशमन चौकी खुलने से जंगलों और रिहायशी इलाकों में लगने वाली आग पर समय रहते काबू पाया जा सकेगा। इन क्षेत्रों में आगजनी की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं लेकिन आग पर काबू पाने के कोई बंदोबस्त नहीं हैं। यहां अग्निशमन चौकी खोलने का फैसला पूर्व सरकार के वक्त लिया गया था अब सीएम जयराम ठाकुर ने सभी फैसलों की समीक्षा करने के बाद चौकी खोलने के आदेश जारी किए।
नजदीकी अग्निशमन केंद्र सोलन, परवाणू या फिर बद्दी है। यहां से जब तक अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचती हैं तब तक सबकुछ राख हो गया होता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने चुनाव से पूर्व चंडी में आयोजित एक जनसभा में लोगों की मांग पर इस चौकी को कुठाड़ में खोलने की घोषणा की थी। आठ 8 अगस्त 2017 में कैबिनेट ने इस पर अपनी मुहर लगाई थी। सरकार ने 17 अगस्त 2017 को इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी की थी। कृष्णगढ़ पंचायत के प्रधान रामनाथ वशिष्ठ ने बताया कि इस अग्निशमन चौकी को खोलने को लेकर विभाग ने जो आवश्यक सूचनाएं और दस्तावेज मांगे थे वे पंचायत ने भेज दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जारी कर दिए हैं आदेश : शर्मा
मुख्य अग्निशमन अधिकारी शिमला जेसी शर्मा ने बताया कि कुठाड़ में अग्निशमन चौकी खोलने की अधिसूचना चुनाव से पूर्व जारी हो गई थी लेकिन आदर्श आचार संहिता के लागू होने से इस कार्य में विलंब हुआ। अब मुख्यमंत्री ने चुनाव पूर्व हुए सभी फैसलों की समीक्षा कर इस अग्निशमन चौकी को खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसे शीघ्र लागू किया जाएगा।
चौकी में ये रहेगा स्टाफ
कुठाड़ में प्रस्तावित अग्निशमन विभाग की चौकी में लीडिंग फायरमैन, एक चालक कम पंप ऑपरेटर, दो फायरमैन, 4 होमगार्ड फायर ट्रेड और 2 चालक तैनात रहेंगे। कृष्णगढ़ पंचायत के प्रधान रामनाथ वशिष्ठ, उपप्रधान पवन कुमार के अलावा समस्त जनता और क्षेत्र के लोगों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया।