अभिभावकों को भी पहनाई फूल मालाएं, शुभकामनाएं दीं
दो छात्राओं ने प्रदेश भर में छठा और आठवां स्थान किया हासिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के मालरोड स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलन में सम्मान वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली नौ छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या अल्पा मालिक शर्मा ने छात्राओं को ट्रॉफी, मेडल और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान छात्राओं के साथ आए अभिभावकों को भी प्रधानाचार्या ने फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनकी बेटियों की सफलता पर बधाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं के स्वागत के साथ हुई। विद्यालय के अध्यापकों और विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की टॉपर छात्राओं का तालियों के साथ अभिनंदन किया। इस मौके पर बताया कि 12वीं कक्षा के वाणिज्य संकाय में 31 छात्राओं ने परीक्षा दी थी और सभी छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। विज्ञान संकाय में 70 छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें से 53 छात्राएं पास हुईं। वहीं कला संकाय में 115 छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें से 110 छात्राएं सफल रहीं।
विद्यालय की दो छात्राओं ने वाणिज्य संकाय में प्रदेशभर में छठा और आठवां स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है। समारोह में स्कूल स्टाफ और सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
माता-पिता और अध्यापकों को दिया सफलता का श्रेय
प्रदेशभर में कॉमर्स स्ट्रीम में आठवां स्थान प्राप्त करने वाली नव्या दास्ता ने सफलता का श्रेय माता-पिता और अध्यापकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने हर समय उनका सहयोग किया, जबकि अध्यापकों ने प्रत्येक विषय में मार्गदर्शन देकर उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की।