जिले भर में 12 लोक अदालत बैंच की गईं थीं गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत लगी। इन लोक अदालतों का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यवाहक अध्यक्ष एवं अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन सपना पांडे की अध्यक्षता में हुआ।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यवाहक सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रमणीक शर्मा ने कहा कि सोलन जिले के नालागढ़, कसौली, अर्की, कंडाघाट और सोलन मुख्यालय में 12 लोक अदालत बैंच गठित की गईं थीं। इनमें 3,848 मामलों का निपटारा विभिन्न पक्षों की आपसी सहमति से किया गया। इन मामलों में कुल समझौता राशि 51,73,23,181 रुपए रही। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर कुल 8477 मामलों को सुनवाई के लिए पूर्व लोक अदालत बैठकों एवं लोक अदालत की विभिन्न बैंचों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इन मामलों में 7276 मोटर वाहन चालानों को भी विभिन्न बैंचों के समक्ष निपटारे के लिए प्रस्तुत किया गया। इनमें से 3115 मामलों का निपटारा किया गया। रमणीक शर्मा ने कहा कि मार्च में पूर्व लोक अदालतें बैठकें भी हुईं।