प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना का आगाज
20 पात्र लोगों को बांटे गए मानधन पेंशन कार्ड, असंगठित क्षेत्र के कामगार होंगे कवर
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जिला परिषद भवन सोलन के सभागार में प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए पेंशन योजना का शुभारंभ सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप ने किया। योजना के तहत 20 पात्र लोगों को प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन कार्ड बांटे गए। यह पेंशन योजना असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए सबसे बड़ी स्कीम है जिसमें हर माह दिया जाने वाला प्रीमियम आधा सरकार और आधा आवेदक भरेगा। योजना के तहत आवेदक की मृत्यु हो जाने के बाद पेंशन की आधी राशि उसकी पत्नी को मिलेगी। सांसद ने कहा कि इस योजना के लिए आवेदन नजदीकी कोमन सर्विस सेंटर में किया जा सकता है। शीघ्र ही योजना की अधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप जारी होगा।
इन्हें मिलेगा उक्त योजना का लाभ
इस योजना का लाभ असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले जैसे घर में काम करने वाले, रेहड़ी लगाने वाले दुकानदार, ड्राइवर, प्लंबर, दर्जी, मिड-डे मील वर्कर, रिक्शा चालक, निर्माण कार्य करने वाले मजदूर, कूड़ा बीनने वाले, बीड़ी बनाने वाले, हथकरघा, मोची, धोबी, चमड़ा कामगार इत्यादि जिनकी आयु अभी तक 18 से 40 वर्ष और आमदनी 15 हजार प्रतिमाह से कम है। इस स्कीम के तहत असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे लोगों को 60 साल की उम्र के बाद तीन हजार रुपये प्रति माह की पेंशन दी जाएगी।
उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने बताया कि यदि कोई 18 साल की उम्र से इस स्कीम को शुरू करता है तो उसे हर महीने 55 रुपये, 29 साल की उम्र वाले कामगारों को हर महीने 100 रुपये और 40 साल की उम्र वालों को 200 रुपये का योगदान देने पर श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना में लाभ प्राप्त कर सकेंगे। क्षेत्रीय आयुक्त अजीत कुमार मिश्रा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस मौके पर उपाध्यक्ष राज्य खादी बोर्ड पुरुषोत्तम गुलेरिया, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, बघाट सहकारी बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, अध्यक्ष दुग्ध सुधार समिति सोलन रविंद्र परिहार, सदस्य जिला परिषद कुमारी शीला, अध्यक्ष भाजयुमो भरत साहनी, जिला श्रम अधिकारी जितेंद्र बिंद्रा मौजूद रहे।