शालाघाट में 11 करोड़ से बनेगा गृहरक्षा विभाग का प्रशिक्षण केंद्र
गृहरक्षा विभाग की 11वीं गृहरक्षा वाहिनी ने मनाया स्थापना दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
अर्की (सोलन)। हिमाचल प्रदेश गृहरक्षा विभाग की 11वीं गृहरक्षा वाहिनी ने वीरवार को 56वां स्थापना दिवस शालाघाट के अर्जुन खेल मैदान में मनाया। इसमें बतौर मुख्यातिथि आदेशक गृहरक्षा 11वीं वाहिनी सोलन गृह रक्षा विभाग हरी स्वरूप शर्मा ने शिरकत की। मैदान में पहुंचने पर मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया और मुख्य अतिथि ने भूमि पूजन के बाद परेड का निरीक्षण कर सलामी ली गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हमारे लिए यह दोहरी खुशी का मौका है। वाहिनी का प्रशिक्षण केंद्र शालाघाट शिफ्ट हो चुका है।
उन्होंने कहा कि रक्षा वाहिनी के जवान पुलिस के साथ मिल कर काम कर रहे हैं और आपदा प्रबंधन में भी गृहरक्षा विभाग अपना पूरा योगदान दे रहा है। उन्होंने बताया कि 11 करोड़ रुपये की राशि इस ट्रेनिंग सेंटर भवन के लिए आ चुकी है तथा जल्द ही भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर जवानों की ओर से विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होमगार्ड बैंड का मधुर संगीत और रस्साकसी रहा। वाहिनी के जवान देवेंद्र शर्मा ने हिंदी, पहाड़ी और देश भक्ति गीत प्रस्तुत कर मनोरंजन किया। इस मौके पर बैनट टुकड़ी की ओर से बोनट फाइटिंग, महिला कुर्सी दौड़, रस्साकसी जैसे कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने पारितोषिक वितरित किए । इस अवसर पर अधिशासी अभियंता बीएसएनएल अजीत शर्मा, समाजसेवी प्रकाश कंवर, रोशन लाल वर्मा, डीडी शर्मा, संजय ठाकुर, अनुज गुप्ता, जेपी ठाकुर, परेड कमांडर, चंद्रशेखर, प्लाटून कमांडर राजेंद्र सिंह, दिलीप सिंह, महेंद शर्मा ,खेम चंद, धन्नालाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी तथा अन्य मौजूद रहे।