नालागढ़ (सोलन)। बरोटीवाला थाना के तहत एक व्यक्ति की आत्महत्या और मौके से मिले सुसाइड नोट मामले में पुलिस ने अपने ही महकमे के एक कर्मचारी पर कार्रवाई कर उसे लाइन हाजिर कर दिया है। सुसाइड नोट में पुलिस कर्मी पर आत्महत्या करने वाले व्यक्ति ने रिश्वत मांगने और प्रताड़ित करने के आरोप लगा रखे हैं। पुलिस ने तीन पन्ने का सुसाइड नोट बरामद किया है।
पुलिस इस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। डीएसपी साहिल अरोड़ा ने बताया कि बरोटीवाला थाना के तहत मंधाना गांव के वीरेंद्र सिंह ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। मौके से मिले सुसाइड नोट में आत्महत्या करने वाले ने ससुराल वालों तथा बरोटीवाला थाना में नियुक्त हवलदार पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस दो बार छापे मारे चुकी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की हिरासत में होंगे। कहा कि जिस पुलिस कर्मचारी पर आरोप लगे हैं उसे लाईन हाजिर कर दिया है। विभाग की तरफ से उसे गैर हाजिर कर दिया है। मृतक की पत्नी की तलाश की जा रही है। वीरेंद्र सिंह ने सुसाइड नोट में मीना, अशोक कुमार, अश्वनी कुमार समेत एक पुलिस कर्मचारी पर आरोप लगाए हैं। मृतक वीरेंद्र सिंह ने मरने से पहले बच्चों के पास यह सुसाइड नोट थमा दिया था। कहा था कि यदि मैं सुबह न उठ पाऊं तो यह कागज अपने फूफा को दे देना और इसे किसी और को मत देना।