पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, होमगार्ड की टुकड़ियों ने की मार्च पास्ट
उपमंडलों व संस्थानों में भी रही धूम, पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया गया। ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, होमगार्ड और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की टुकड़ियों ने भव्य मार्च पास्ट कर सलामी दी, वहीं विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। जिलास्तरीय आयोजन के साथ-साथ सोलन के उपमंडलों, शैक्षणिक संस्थानों, तहसीलों और विभिन्न पंचायतों में भी ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पौधरोपण व सामाजिक संदेशों के साथ स्वतंत्रता दिवस की धूम रही।
इनसेट
संस्थान में स्वतंत्रता दिवस की रही धूम सोलन। मुरारी लाल मेमोरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग सोलन में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संस्था के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गुप्ता ने कॉलेज परिसर में ध्वजारोहण किया, जबकि कुसुम गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। ध्वजारोहण के बाद सामूहिक राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान हुआ। छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति का संदेश देती लघु नाटिका प्रस्तुत की। कॉलेज प्रबंधन ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए छात्राओं को देश के प्रति कर्तव्यों को निभाने के लिए प्रेरित किया।
इनसेट
रामशहर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
रामशहर(सोलन)। राजकीय महाविद्यालय रामशहर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. सिमरन घिल्डियाल ने ध्वजारोहण कर किया। प्राचार्या ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। इस दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. संदीप कुमार, प्रो. डीसी नेगी, डॉ. सुमन कुमारी सहित अन्य स्टाफ और करीब 50 विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित ज्ञानवर्धक वृत्तचित्र भी दिखाया गया। संवाद
इनसेट
तहसील परिसर में ध्वजारोहण के साथ किया पौधरोपण
रामशहर(सोलन)। तहसील कार्यालय परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। तहसीलदार डॉ. अभिषेक सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह में कैप्टन (सेवानिवृत्त) कमल कुमार, पूर्व जिप सदस्य राहुल शर्मा, प्रधान रवींद्र मोहन और उपप्रधान सुरेंद्र कुमार सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। प्राथमिक स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में वन विभाग के सहयोग से तहसील परिसर में पौधरोपण किया गया तथा सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन एवं जलपान की व्यवस्था की गई। संवाद
इनसेट
नौणी में कुलपति प्रो. बवेजा ने फहराया तिरंगा
सोलन। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कुलपति प्रो. हरमिंदर सिंह बवेजा ने डॉ. एलएस नेगी सभागार परिसर में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। परेड में 97 एनसीसी कैडेट्स, 32 एनएसएस स्वयंसेवकों, 42 स्काउट्स और 22 सुरक्षाकर्मियों की टुकड़ी ने भाग लिया। कुलपति ने विद्यार्थियों से नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। संवाद
इनसेट
दिगल में स्वतंत्रता दिवस की धूम
सोलन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दिगल में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त नायब सूबेदार जोगेंद्र कुमार वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि हरिनंद शर्मा रहे। मुख्यातिथि ने सेना में अपने सेवाकाल और देश के लिए बलिदान देने वाले अपने दो भाइयों के संस्मरण साझा कर विद्यार्थियों को देशभक्ति और अनुशासन का संदेश दिया। प्रधानाचार्य नरेश धीमान ने मुख्य अतिथि का आभार जताया। समारोह में एसएमसी अध्यक्ष मनीष शर्मा, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे। संवाद
इनसेट
धर्मपुर में उपमंडल स्तरीय समारोह आयोजित
धर्मपुर(सोलन)। राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उपमंडलाधिकारी महेंद्र प्रताप ने ध्वजारोहण किया। समारोह में प्राचार्या डॉ. सुनीता गोयल, तहसीलदार जगपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पाइनग्रोव, सेंट मैरी कॉन्वेंट और डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस दौरान उपमंडलाधिकारी ने धर्मपुर उपमंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों, संस्थाओं और महाविद्यालय के स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया। संवाद
इनसेट
उपमंडलाधिकारी गोपाल चंद शर्मा ने किया ध्वजारोहण
कंडाघाट(सोलन)। नगर पंचायत कंडाघाट के पड़ाव मैदान में उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी गोपाल चंद शर्मा ने की। उपमंडलाधिकारी ने ध्वजारोहण कर पुलिस टुकड़ी की सलामी ली और लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। वहीं, चायल के पंचायत मैदान में भाजपा नेता राजेश कश्यप ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। दयानंद आदर्श विद्यालय, डिग्री कॉलेज कंडाघाट और विभिन्न पंचायतों में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। संवाद
इनसेट नगर परिषद परवाणू ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
परवाणू(सोलन)। नगर परिषद परवाणू के हॉल में आयोजित समारोह में सहायक आयुक्त शैफाली शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और पुलिस सलामी ली। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा, उपाध्यक्ष मोहन आजाद और कार्यपालक अधिकारी संदीप कुमार मौजूद रहे। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति कार्यक्रम पेश किए। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर समाजसेवी तरुण गर्ग और भूपेश सिंगला द्वारा ईएसआई अस्पताल के सामने लंगर का आयोजन भी किया गया। संवाद
इनसेट
सफाई कर्मचारियों का हुआ सम्मान
सोलन। नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 15 में पार्षद अधिवक्ता अभिषेक ठाकुर और आराध्या फाउंडेशन द्वारा स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में वार्ड के सफाई कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। स्थानीय बच्चों ने देशभक्ति के कार्यक्रम प्रस्तुत किए और सभी वार्डवासियों ने अपने क्षेत्र को स्वच्छ व सुंदर रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर आराध्या फाउंडेशन के संयोजक अखिल ठाकुर सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संवाद
पंचायत के कार्यक्रमों में पहुंचे आचार्य श्रीहित अभय शर्मा
चायल(सोलन)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्रीजी परिवार ट्रस्ट के संस्थापक आचार्य अभय शर्मा ने बलोग पंचायत का दौरा किया। उन्होंने एकता महिला ग्राम संगठन के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत कर महिला सशक्तिकरण पर विचार रखे। इसके बाद नौहा यूथ क्लब द्वारा आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। महिला संगठन द्वारा आचार्य जी का नागरिक अभिनंदन भी किया गया। संवाद
इनसेट
कंडाघाट में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
कंडाघाट(सोलन)। राजकीय महाविद्यालय कंडाघाट में स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. मदन लाल मनकोटिया द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को राष्ट्र की प्रगति और नवाचार में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने किया और अंत में सभी को मिठाई बांटी गई। संवाद
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोलन शहर के ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सां
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोलन शहर के ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सां
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोलन शहर के ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सां
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोलन शहर के ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सां
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोलन शहर के ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सां