भीक्षाटन करते यज्ञोपवीत धारण करने वाले बच्चे
दयारशघाट मंदिर में करवाया गया यज्ञोपवीत संस्कार
मंदिर समिति ने जरूरतमंद कन्या का करवाया विवाह
चामत भड़ेच पंचायत में दो दिवसीय कार्यक्रम संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन विकास खंड की चामत-भड़ेच पंचायत स्थित विजेश्वर महादेव व देव दयारश मंदिर में दो दिवसीय सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का समापन हो गया। मंदिर सेवा समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 80 किशोरों व युवाओं का यज्ञोपवीत संस्कार किया जा रहा है। इस दौरान संस्कृत महाविद्यालय सोलन के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. लेखराम शर्मा ने उन्हें गुरु दीक्षा दी। उन्होंने युवाओं व किशोरों को रोजाना संध्या वंदन करने के लिए कहा। साथ ही ब्रह्मचर्य का पालन करने, नशे से दूर रहने और बड़ों का आदर करने की भी संदेश दिया। इस दौरान यज्ञाचार्य दिनेश शर्मा, पंडित वेद प्रकाश शर्मा और चंद्रदत्त शास्त्री विशेषतौर पर मौजूद रहे। इसके अलावा मंदिर में एक जरूरतमंद कन्या का विवाह भी मंदिर समिति की ओर से करवाया गया। इसमें कन्या के पिता नहीं थे, जिस पर मंदिर समिति ने उसके विवाह का पूरा प्रबंध करवाया।
सेवा समिति के अध्यक्ष गणेश दत्त शर्मा ने बताया कि इसमें 80 किशोरों का यज्ञोपवीत संस्कार किया गया। बुधवार को पूर्वांग पूजन व तेल-बटणा किया गया। वहीं, वीरवार सुबह 9:00 बजे यज्ञोपवीत धारण संस्कार हुआ। वहीं दोपहर 12:00 बजे वटुकों को उपदेश दिया गया। यज्ञोपवीत संस्कार के बाद भंडारा हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।