अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन को दिया दो दिन का अल्टीमेटम
कंडाघाट में अभिभावक संघ प्रशासनिक कार्रवाई से खफा, कहा- शिक्षा बोर्ड सचिव से करेंगे शिकायत
फीस वृद्धि को लेकर पहले भी दे चुके हैं ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
कंडाघाट (सोलन)। कंडाघाट के दयांनद आदर्श स्कूल प्रबंधन के खिलाफ दो दिन के भीतर कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई तो अभिभावक संघ हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से सचिव से मिलेगा। पीटीए के अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि अगर दो दिनों के भीतर प्रशासन की ओर से स्कूल में की गई फीस वृद्धि को लेकर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो पीटीए के सभी लोग शिक्षा सचिव से मुलाकात करेंगे। साथ ही बच्चों और अभिभावकों को स्कूल की ओर से पेश आ रही समस्याओं से अवगत करवाएंगे। अभिभावक संघ की ओर से पहले भी उपायुक्त सोलन और एसडीएम कंडाघाट को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। कोई कार्रवाई स्कूल प्रबंधन पर नहीं की गई। इसको लेकर सोमवार को स्कूल प्रबंधन और प्रशासन से रुष्ट अभिभावकों ने स्कूल के बाहर, सड़क पर उतर कर स्कूल के खिलाफ जबरदस्त धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। इसके बाद फिर से एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। इसके बाद जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी गई। अब अभिभावक संघ प्रशासनिक कार्रवाई न होने से खफा है। मनीष शार्मा ने बताया कि स्कूल में प्रशासनिक अधिकारियों, अभिभावकों और स्कूल प्रशासन की बैठक आयोजित की गई थी। यहां पर पीटीए का गठन तो कर दिया गया लेकिन स्कूल प्रधानाचार्य गठित कमेटी को मानने से इंकार कर रही हैं। इसे लेकर अभिभावकों में भारी रोष है। बताया कि बच्चों को स्कूल में कोई भी सुविधा नहीं दी जा रही है। साथ ही अपनी मनमर्जी के फीस में वृद्धि कर दी गई। इसका बोझ अभिभावकों पर जबरदस्ती डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब अभिभावक चुप्पी नहीं साधेंगे। उन्होंने बताया कि अभिभावक अपने हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।