दाड़लाघाट (सोलन)। पलोग के मांजू गांव में बाल दिवस मेला 13 और 14 नवंबर को मनाया जाएगा। इस दौरान मेले का मुख्य आकर्षण प्रो कबड्डी, घड़ा फोड़ प्रतियोगिता और स्कूली बच्चों के रंगारंग कार्यक्रम होंगे। यह जानकारी मेला कमेटी के सचिव देवेंद्र शर्मा ने दी। प्रो कबड्डी खेल में प्रवेश शुल्क 700 रुपये रहेगा। विजेता टीम को 7100 रुपये और उपविजेता टीम को 5100 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। सभी टीमें 13 नवंबर को सुबह 11 बजे तक मेला कमेटी के पास प्रवेश शुल्क जमा करवा सकती हैं। 13 नवंबर को मेले में समाजसेवी जोगिंद्र पाठक बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। मेले का शुभारंभ ग्राम देवता देव कुरगण के मंदिर में पूजन से होगा। कार्यक्रमों में 13 नवंबर को मुकुल ऑर्केस्ट्रा ग्रुप अपनी मनमोहक आवाज का जादू बिखेरेगा। 14 नवंबर को दोपहर बतौर मुख्यातिथि आईपीएच विभाग में अधिशाषी अभियंता हेमंत तनवर शिरकत करेंगे। सर्वप्रथम वह भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। रात्रि कार्यक्रम में नालागढ़ के समाजसेवी राजेश कुमार बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहेंगे। इस दौरान हिमाचल की पुरातन देव संस्कृति की धरोहर करियाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें दाडूआ गांव का मशहूर सांस्कृतिक दल अपनी कला से सभी दर्शकों का मनोरंजन करेगा। पंचायत प्रधान योगेश चौहान, मेला कमेटी के प्रधान राधेश्याम चौहान और सचिव देवेंद्र शर्मा ने समस्त लोगों से आग्रह किया है कि सभी मेले में दोनों दिन अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं।