बीबीएन पूर्व सैनिक लीग की मासिक बैठक में निर्माण कार्य को लेकर सदस्यों में चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। बीबीएन पूर्व सैनिक लीग की मासिक बैठक में लीग के बन रहे सामुदायिक भवन की प्रथम मंजिल के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। लीग के अध्यक्ष शिवलाल वर्मा ने बताया कि प्रथम मंजिल के निर्माण का कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूर्ण हो चुका हैं। शेष 30 प्रतिशत कार्य को 30 अप्रैल की तय सीमा से पहले पूर्ण कर लिया जाएगा। प्रथम तल पर ईसीएचएस तथा भूतल पर कैंटीन बहुत जल्दी खुल जाएगी। बैठक में इस भवन के निर्माण में सहयोग देने के लिए सभी पूर्व सैनिकों, समाज के दानियों और उद्योगों का धन्यवाद किया गया। बैठक में विशेष रूप से राजपुरा से पूर्व सैनिक पूर्व हवलदार गुरतार सिंह चौहान का आभार जताया गया जो स्वयं बीमार होने के कारण मीटिंग में तो नहीं आ सके किंतु अपनी बेटी सुदेश कुमारी के माध्यम से लीग को भवन निर्माण के लिए 50 हजार रुपये का सहयोग दिया। बैठक में अन्य लोगों से भी अनुरोध किया कि वे सभी अपनी सामर्थ्य अनुसार लीग का सहयोग करें। इस भवन के निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे और टेंडर लगने के बाद कार्य भी शुरू हो गया था किंतु दूसरे ही दिन सूचना मिली कि सरकार ने टेंडर रद्द कर दिया है। इसके बाद लीग ने इस भवन को जनसहयोग से बनाने का फैसला किया था। बैठक में सेवानिवृत्त कैप्टन डीआर चंदेल, जगतार सिंह, रूपलाल, सुरेश कुमार, शमशेर सिह, रछपाल, मदन लाल, गोपाल शर्मा, लखबीर सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे।