सोलन। जिला सोलन में कोरोना टीकाकरण के पहले दिन स्वास्थ्य कर्मियों ने खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। आलम यह रहा कि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन और एमएमयू में बनाए सेंटरों में 200 स्वास्थ्य कर्मियों को पहले दिन टीका लगाने का लक्ष्य रखा था जो पूरा नहीं हो पाया। 200 कर्मियों में से केवल 62 कर्मियों को ही टीका लगाया गया है। इससे साफ है कि लोग ही नहीं अभी स्वास्थ्य कर्मियों में भी टीके को लेकर भ्रम है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोरोना टीके को लेकर कुछ कर्मी मुकर चुके थे। अधिकतर कर्मियों की कोविड ड्यूटी होने या कुछ के बीमार होने के कारण नहीं पहुंच सके। हालांकि विभाग ने अभियान को लेकर तैयारियां पूरी कर रखी थीं। उधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने कहा कि सोलन और एमएमयू में 200 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना टीका लगाने का लक्ष्य था। हालांकि पहले दिन 62 कर्मियों को ही टीका लगाया गया।