लकड़ी के बुरादे पर करें शिटाके मशरूम का उत्पादन
विशेषज्ञों ने किसानों और बागवानों को जारी की सलाह
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय नौणी ने खुंब उत्पादकों को सलाह दी है कि निचले और मध्यवर्ती क्षेत्रों में श्वेत बटन खुंब के लिए खाद बनाना शुरू कर दें। शिटाके खुंब का उत्पादन भी लकड़ी के बुरादे पर शुरू करें। ढिंगरी प्रजाति के खुंब की खेती के लिए माध्यम तैयार करें और उसकी बिजाई स्पॉनिंग करें। विवि के नोडल ऑफिसर डॉ. मोहन सिंह जागड़ा और डॉ. सतीश भारद्वाज ने बताया कि अगले पांच दिन में मौसम साफ और शुष्क रहने और दिन और रात के तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की कमी होने की संभावना है। हवा पूर्वी-उत्तर-पूर्वी दिशा से 4 से 9 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलने तथा औसतन सापेक्षित आर्द्रता 22-65 प्रतिशत तक रहने की संभावना है।
मटर में राइजोबियम मिक्सचर का इस्तेमाल 20 ग्राम प्रति किलो बीज की मात्रा से बुआई करने से पूर्व करें। फ्रांसबीन पैंसिल बीन में रतुआ रोग की रोकथाम के लिए है क्साकोनाजोल कोंटॉफ 15 मिलीलीटर/15 लीटर पानी के घोल का छिड़काव करें।
फल तोड़ने के बाद करें जड़ छेदक कीड़े की रोकथाम
विशेषज्ञों ने सेब बागवानों को सलाह दी है कि फल तोड़ने के बाद वूली ऐफिड और जड़ छेदक कीड़े की रोकथाम के लिए पौधे के तौलिये में क्लोरपायरीफॉस डरसबान/ डरमेट/ फोर्स/ मासबान/ नेवीगेटर 400 मिलीलीटर प्रतिलीटर पानी में घोल बना कर ड्रेंच करें। आम फल में यदि मालफार्मेशन गुछा रोग का आक्रमण दिखाई दे तो केएमएस 120 ग्राम या एनएए 40 मिली प्रति 200 लीटर पानी का घोल बनाकर छिड़काव करें।
शहद प्रवाह के अनुसार करें मौनवंशों का पालन
पहाड़ों के कुछ क्षेत्रों में इस समय शहद का प्रवाह होता है तथा उसके अनुसार ही मौन वंशों का प्रबंध करें। मौन वंशों में सफाई का ध्यान रखें और तलपटों की विशेष रूप से सफाई करें।