कांग्रेस समर्थित बीडीसी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित
दोनों को गंवानी पड़ी कुर्सी, अविश्वास प्रस्ताव में चार कांग्रेसी सदस्यों ने दिया भाजपा का साथ
15 सदस्य लाए थे अविश्वास प्रस्ताव, बैठक में मौजूद रहे 14 सदस्य
अमर उजाला ब्यूरो
कुनिहार (सोलन)। अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुनिहार में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया है। इसके चलते दोनों पदाधिकारियों को पद छोड़ने पड़े हैं। अब नए सिरे से अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की ताजपोशी होगी। कुनिहार में कुल 23 बीडीसी सदस्य हैं। इनमें से 10 पद भाजपा के पास हैं जबकि 13 कांग्रेस के पास हैं। कांग्रेस ने बहुमत के साथ अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस संबंधित सदस्यों की तैनाती की थी। हालांकि, बीडीसी के 15 सदस्यों ने दोनों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की पेशकश की जिसमें 10 सदस्य भाजपा के जबकि पांच अन्य कांग्रेस के शामिल थे। सोमवार को खंड विकास कार्यालय कुनिहार में अविश्वास मत पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में 14 सदस्यों ने उपस्थित होकर अविश्वास मत के पक्ष में मतदान किया। बहुमत के आधार पर अविश्वास मत को स्वीकार कर लिया गया। अब सात दिन के भीतर दोबारा पंचायत समिति की बैठक की जाएगी।
जिला पंचायत अधिकारी को सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव पर 15 सदस्यों ने हस्ताक्षर किए थे। अविश्वास प्रस्ताव कुनिहार पंचायत समिति अध्यक्ष नीलम रघुवंशी व उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर के खिलाफ लाया गया। अविश्वास प्रस्ताव पर पंचायत समिति सदस्य हीरा पाल (घनागुघाट वार्ड), ओम प्रकाश शर्मा (दानोंघाट वार्ड), सुरेश कुमार (मांगल वार्ड), प्रेम चंद (धुंदन वार्ड), दीप चंद (दसेरन वार्ड), सावित्री देवी (शहरोल वार्ड), कांता देवी (जलाणा वार्ड), सीमा देवी (कोठी वार्ड), सतु देवी (सूरजपुर वार्ड), जमना दास (प्लानिया वार्ड), राकेश कुमार (देवरा वार्ड), हरीश कुमार (सन्याडी मोड़ वार्ड), बिमला वर्मा (डुमेहर वार्ड), सोमा देवी (मान वार्ड) व गीता ठाकुर (कुनिहार वार्ड) ने अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए हैं।
नए सिरे से होंगे अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव : अग्रवाल
जिला पंचायत अधिकारी सतीश अग्रवाल ने कहा कि पंचायत समिति के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर विकास खंड कुनिहार के सभागार में चर्चा कर अविश्वास प्रस्ताव पारित किया गया। एक सप्ताह के भीतर तिथि तय कर पुन: कुनिहार पंचायत समिति की बैठक की जाएगी। इसमें नए सिरे से चुनाव किए जाएंगे।