नालागढ़ (सोलन)। महानगरों की तर्ज पर नालागढ़ के पार्कों में अब लोगों को सैर के साथ साथ ओपन एयर जिम में व्यायाम की सुविधा जल्द मुहैया होगी। नगर परिषद नालागढ़ ने योजना तैयार कर बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण (बीबीएनडीए) से इसके लिए धन की मांग कर अपना प्रस्ताव सौंपा है। इस पर प्राधिकरण ने भी सकारात्मक रुख दिखाते हुए उचित कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
निश्चित तौर पर शहर के पार्कों में ओपन एयर जिम की सुविधा मिलने से लोग व्यायाम लाभ पाकर तंदरुस्त होंगे। वहीं, नगर परिषद पार्कों में एक्यूप्रेशर पद्धति के पत्थर भी लगाने जा रही है। फिलहाल नगर परिषद बीबीएनडीए की तरफ से इस प्रस्ताव की मंजूरी की राह देख रही है ताकि धन का प्रावधान होते ही यहां ओपन एयर जिम बनाया जा सके।
नगर परिषद अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि यह प्रस्ताव बीबीएनडीए को मंजूरी के लिए भेजा है। धन का प्रावधान होते ही पार्कों में लोगों को सुविधा मुहैया करवा दी जाएगी। वहीं, सीईओ बीबीएनडीए केसी चमन ने कहा कि परिषद की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। उम्मदी है कि बीबीएन प्राधिकरण सकारात्मक निर्णय लेगा।
नालागढ़ शहर में तीन पार्क है
नालागढ़ में एमसी पार्क, फ्रेंड्स कॉलोनी और बीडीओ कार्यालय के समीप पार्क शामिल हैं। इन पार्कों में ओपन एयर जिम तैयार कर व्यायाम करने की सुविधा लोगों को दी जाएगी। शहर के पार्कों में भारी संख्या में लोगों का सुबह शाम आना-जाना लगा रहता है। यहां लोग अपनी दिन भर की थकान मिटाते हैं और सुबह-शाम योग कर खुद को तरोताजा करते हैं।